श्रीगंगानगर: राजस्थान में श्रीगंगानगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जयदीप बिहानी द्वारा 30 अप्रैल को अपने विधायक सेवा केंद्र में राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सहायक अभियंता जगन्नाथ बैरवा और दो अन्य अधिकारियों से कथित रूप से मारपीट करने की घटना के छह दिन गुजर जाने के बावजूद अब तक मामला दर्ज न किए जाने पर सर्व समाज ने बुधवार को रोष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने आम सभा आयोजित की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला दहन करके पुलिस प्रशासन पर राज्य सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए। सभी नेहरू पार्क में इकट्ठा हुए और वहां से रोष प्रदर्शन निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार पर बेरिकेडिंग लगाकर इसे बंद कर दिया गया था और काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। प्रदर्शन के दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव से मुलाकात की। वार्ता के बाद श्योपतराम मेघवाल, कृष्ण अलीपुरा, जसविंदरसिंह धालीवाल और नंदराम मेघवाल ने मीडिया से कहा कि पुलिस अधीक्षक ने पीड़ितों को खुद थाने जाकर प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी। उधर प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव अपने विवेक और कानूनी अधिकार का इस्तेमाल करने से हिचक रहे हैं। वार्ता विफल होने के बाद प्रदर्शनकारी नेताओं ने आपस में आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
विधायक बिहानी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने पर सर्व समाज ने रोष प्रदर्शन किया
Leave a comment
Leave a comment

