हनुमानगढ़ : राजस्थान में हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट कार्यालय को एक बार फिर बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन सतर्क हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज कलेक्ट्रेट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त धमकी भरे ई-मेल ने पूरे महकमे में हलचल मचा दी। इस बार प्रशासन ने हालांकि पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए तुरंत और व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई की, जिससे किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि कलेक्ट्रेट की ई-मेल पर ‘परिसर में बम होने’ की जानकारी देते हुए धमकी भरा मेल आया था। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के कार्यालयों को तुरंत खाली करवा लिया गया। कर्मचारियों और अधिकारियों को अपने कमरों से बाहर निकलने के निर्देश दिये गये, जिसके बाद वे कलेक्ट्रेट परिसर के पास स्थित गांधी पार्क में इकट्ठा हो गये।
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासनिक दलों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पूरे परिसर, कार्यालयों, गलियारों और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी शुरू कर दी गयी। पूरे परिसर की तलाशी लेने पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। यह पहला मौका नहीं है, जब हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट को ऐसी धमकी मिली हो। पिछले वर्ष 15 दिसंबर को भी यही धमकी मिली थी, जिसके बाद कलेक्ट्रेट के साथ-साथ न्यायालय परिसर को भी खाली करवाना पड़ा था।
हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी
Leave a comment
Leave a comment

