चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
गोपीनाथ मंदिर की पावन धरा भक्ति, आस्था और गौरवमयी दृश्यों की साक्षी बनी, जब पंच केदारों में चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के भगवान श्री रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर से विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने मूल धाम के लिए रवाना हुई।
इस अलौकिक एवं पावन अवसर की गरिमा को और अधिक भव्य बनाने हेतु भरत सिंह चौधरी, गौरव कुमार एवं सुरजीत सिंह पँवार की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। उन्होंने भगवान गोपीनाथ एवं बाबा रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली के सम्मुख शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा चारधाम यात्रा के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।
इस दौरान भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं गौरवपूर्ण बना दिया। सेना बैंड की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया और आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के मधुर स्वर के बीच जब उत्सव डोली ने प्रस्थान किया तो पूरा गोपेश्वर “बम-बम भोले” और “जय बाबा रुद्रनाथ” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। डोली प्रस्थान यात्रा को भव्य शोभायात्रा का स्वरूप दिया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। हर ओर शिवभक्ति का अद्भुत उत्साह और श्रद्धा का सैलाब दिखाई दे रहा था।
डोली प्रस्थान के इस दिव्य एवं अलौकिक दृश्य का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोपेश्वर पहुंचे थे। बाबा रुद्रनाथ के दर्शन और आशीर्वाद को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह एवं अपार श्रद्धा देखने को मिली। यात्रा के दौरान चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा गया।
साथ ही इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान धार्मिक आयोजनों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने में प्रशासन एवं पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति आभार स्वरूप प्रदान किया गया।
ज्ञातव्य हो कि पंच केदारों में चतुर्थ केदार के रूप में विख्यात भगवान श्री रुद्रनाथ जी के कपाट दिनांक 18 मई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद बाबा रुद्रनाथ जी ग्रीष्मकाल हेतु अपने मूल धाम में विराजमान होंगे।
इस दौरान विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, दौलत सिंह बिष्ट, संदीप रावत, हरक सिंह नेगी, गजपाल बर्थवाल, राजेन्द्र भंडारी, रघुवीर बिष्ट, मनोज भट्ट, शांति प्रसाद भट्ट, क्रांति भट्ट,दीपक भट्ट, राजकुमार पाण्डे, मदन सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
चतुर्थ केदार रुद्रनाथ भगवान की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल गोपीनाथ मंदिर गोपेश्वर से मूल धाम को रवाना
Leave a comment
Leave a comment

