देहरादून । राजधानी दून में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि ऋतु नौटियाल निवासी ग्राम एवं पोस्ट देवल तहसील बड़कोट उत्तरकाशी ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी। बताया कि उनकी सगी बहन रिंकी देवी बीती 8 मई को मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर रिस्पना पुल से डोईवाला की ओर जा रही थीं। मोटरसाइकिल को सोबत सिंह राणा चला रहा था। शाम करीब 5:30 बजे उसी दिशा से आ रहे ट्रक के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिंकी देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद घायल हालत में कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया कि चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, देहरादून में लगातार बढ़ते सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। शहर की सड़कों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ानी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

