कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आते ही राज्य एक बार फिर चुनावी हिंसा की आग में झुलस उठा है। कोलकाता से लेकर आसनसोल और बीरभूम तक हिंसा की खबरें सामने आई हैं। इस खूनी हिंसा में पिछले 24 घंटों के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में भाजपा और टीएमसी के दो-दो कार्यकर्ता हैं। विपक्षी दलों और सत्ता पक्ष के बीच बढ़ती रंजिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे पूरे राज्य में दहशत का माहौल है। दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों से बमबारी और हिंसक झड़पों की खबरें सामने आई हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट में मंगलवार रात भीड़ ने टीएमसी के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से गिरा दिया। बीरभूम और मुर्शिदाबाद में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हुई। कच्ची सडक़ों पर बम फेंके जाने की घटनाओं से गांव के लोग घर छोडऩे को मजबूर हुए। आसनसोल में नतीजों के तुरंत बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई।

