कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को बस और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, तथा 26 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि गेड़ाबाड़ी के समीप बस और पिकअप वैन के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घायलों का इलाज पूर्णिया में चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो -दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

