नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पटना में पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगने से घायल छात्रों से मुलाकात कर उनकी आपबीती सुनी और सरकार से पूछा कि इनके टूटे सपने लौटाये जा सकते हैं। राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर छात्रों से मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए कहा कि एक छात्र के पैर की हड्डी एके-47 की गोली से टूट गई। सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का उसका सपना भी उसी के साथ चला गया। दो अन्य छात्र भी थे जिनके कंधों को गोली चीरती हुई निकल गई थी।
उन्होंने कहा कि ये अपराधी नहीं बल्कि गरीब घरों के वे बच्चे थे जो अपने परिवार के सपने लेकर पढ़ने निकले थे। किसी को अच्छी नौकरी चाहिए थी तो कोई घर के हालात बदलना चाहता था। ये छात्र सरकार से सिर्फ ‘शिक्षा, रोजगार और जवाबदेही’ की मांग कर रहे थे। राहुल गांधी ने भावुक होकर कहा, “गोली के घाव भर जाएंगे, पर जो डर इन बच्चों के भीतर बैठ गया है, उसका इलाज किस अस्पताल में होता है।”
उन्होंने ने प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा, “इनकी टूटी हड्डी तो जुड़ जाएगी। क्या इनका टूटा हुआ सपना आप लौटा सकते हैं।” इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें घायल छात्र उन्हें अपने साथ हुई पुलिस कार्रवाई और गोली लगने के बाद की पीड़ा बताते हुए नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी बोले- क्या इनके टूटे सपने लौटा सकती है सरकार
Leave a comment
Leave a comment

