सुक्रे। दक्षिण अमरीकी देश बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा में शुक्रवार को एक सैन्य अड्डे पर जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 62 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों की संख्या 10 से 15 के बीच हो सकती है। बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो ने बताया कि घायलों में ज्यादातर 52 आम नागरिक हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी हैं। रक्षा मंत्री के मुताबिक, विस्फोट स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 2.30 बजे उस जगह हुआ, जहां रक्षा मंत्रालय का पटाखों का स्टॉक रखा था। मौके पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिस को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने विस्फोट की वजह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। धमाके से आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा और खिड़कियां टूट गईं।

