सिल्वर सिटी और तुलाज यूनिवर्सिटी में होगी फिल्मों की स्क्रीनिंग, 6–7 सिने कलाकार होंगे शामिल, उत्तराखंड टैलेंट हंट भी बनेगा आकर्षण
देहरादून: देहरादून में सिनेमा, कला और प्रतिभा का उत्सव एक बार फिर लौटने जा रहा है। 11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आगामी 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को देहरादून के सिल्वर सिटी और तुलाज यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल में फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ सिनेमा जगत से जुड़े कलाकारों के साथ संवाद और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
फेस्टिवल के आयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के कलाकार फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करेंगे। कलाकारों की मौजूदगी से सिनेमा प्रेमियों और युवाओं को फिल्म जगत की हस्तियों से सीधे रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को फेस्टिवल का पहला शो विशेष रूप से नेत्रहीन छात्रों के लिए समर्पित रहेगा। इस अवसर पर नेत्रहीन छात्रों के लिए ‘जॉली एलएलबी 3’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। सक्षम डिसेबिलिटी द्वारा आयोजन का उद्देश्य नेत्रहीन छात्रों को भी सिनेमा के इस उत्सव से जोड़ना और उन्हें एक विशेष सिनेमाई अनुभव प्रदान करना है।
3 अक्टूबर को तुलाज यूनिवर्सिटी में फिल्मों की स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। इस दौरान फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने वाले सिने कलाकार छात्रों से रूबरू होंगे और फिल्म निर्माण, अभिनय तथा सिनेमा से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। यह संवाद विद्यार्थियों के लिए फिल्म जगत को करीब से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
वहीं 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को सिल्वर सिटी में टॉक शो आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सिनेमा से जुड़े कलाकार और विशेषज्ञ दर्शकों से संवाद करेंगे। इन टॉक शोज के माध्यम से दर्शकों और युवाओं को फिल्म उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
फिल्म फेस्टिवल के दौरान उत्तराखंड टैलेंट हंट का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें किसी भी आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। आयोजकों का उद्देश्य उत्तराखंड की स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी कला को सामने लाने का अवसर प्रदान करना है।
आयोजक राजेश शर्मा ने कहा कि देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य केवल फिल्मों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि सिनेमा, कलाकारों, युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को एक साझा मंच पर लाना है। फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से देहरादून को देश के प्रमुख फिल्म एवं सांस्कृतिक आयोजनों के मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को
Leave a comment
Leave a comment

