सीएम सैनी का अहम बयान, बोले- कांग्रेस के पास कोई नीति या मुद्दा नहीं
पंचकुला: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के पास न कोई नीति है, न मुद्दा और न ही कोई ठोस एजेंडा। इसलिए कांग्रेस के नेता बाहर से लिखी स्क्रिप्ट लेकर प्रधानमंत्री को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। यहां ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिना रुके और बिना थके देश तथा देशवासियों की सेवा की है। देश की जनता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की निरंतर सेवा, त्याग और तपस्या की साक्षी है।
सीएम ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रम होंगे और लाखों दीप जलाकर लोग प्रधानमंत्री मोदी को आर्शीवाद देंगे। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए और अपने लंबे शासनकाल के दौरान गरीब, महिला और युवा के लिए किए गए कार्यों पर विचार करना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में गरीब और गरीब होता गया। कांग्रेस के पास गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों के आंकड़े तो थे, लेकिन वह आज भी यह नहीं बता सकती कि उसके शासनकाल में कितने गरीबों को गरीबी से बाहर निकाला गया।
सीएम ने कहा कि 55 वर्षों तक देश पर शासन करने वालों को गरीब माताओं, बहनों और बेटियों की पीड़ा दिखाई नहीं दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लगभग 12 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं को ‘इज्जत घर’ देने का काम किया। आज कांग्रेस के लोग युवाओं की बात करते हैं और सवाल उठाते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के लिए क्या किया। कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि जब देश का युवा अवसर मांग रहा था, तब कांग्रेस कहां थी। उसके शासनकाल में युवाओं के लिए क्या नीति थी और देश के युवाओं की स्थिति क्या थी। मुद्दों से खाली कांग्रेस के पास अब प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने के अलावा कुछ नहीं बचा है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना उस गरीब का अपमान है, जिसे पक्का घर मिला है; उस महिला का अपमान है, जिसे सम्मान मिला है और उस युवा का अपमान है, जिसे आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उसे सरकार का विरोध करने का अधिकार है। हम भी विपक्ष में रहे हैं और उस समय जनता की आवाज को मजबूती से उठाया है। लेकिन आज कांग्रेस के पास न कोई मुद्दा बचा है, न नीति और न ही कोई ठोस एजेंडा।
अब झूठ बोलना ही कांग्रेस की राजनीति
सीएम नायब सैनी ने कहा कि सुबह उठकर झूठ बोलना और रात को झूठ बोलकर सो जाना ही कांग्रेस की राजनीति बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि नशे से परेशान एक बेबस पिता ने पंजाब के मंत्री के सामने गुहार लगाई, लेकिन उसकी पुकार नहीं सुनी गई और आखिरकार उसे अपनी जान तक गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि इनकी राजनीति का सच यही है कि बोलते कुछ हैं और करते कुछ हैं। झूठे वादों और खोखले दावों से अब पंजाब की जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता वादों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को अच्छी तरह समझ चुकी है।

