कुरनूल। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां गुरुवार सुबह एक वैन और कंक्रीट मिक्सर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में पांच महिलाओं और एक बच्ची समेत आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि 13 अन्य घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि कर्नाटक के चिकमंगलूर के कुछ लोग वैन में सवार होकर मंत्रालयम स्थित श्री राघवेंद्र स्वामी मंदिर जा रहे थे। वैन और कंक्रीट मिक्सर ट्रक की भिड़ंत में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान कुमार (50), दीपिका वीणा (42), सुनील (40), यशोदा (60), पुट्टम्मा (55), लक्ष्मी (60), मीनाक्षी (46) और बेली (5) के रूप में हुई है। घायलों को सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें कुरनूल के अस्पताल भेजा गया है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। इसके अलावा घायलों को 50,000 रुपएदिए जाएंगे।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर ने इस सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को उचित चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी हादसे पर गहरा शोक जताते हुए घायलों का बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
कंक्रीट मिक्सर से टक्कराई श्रद्धालुओं की वैन, आठ लोगों की मौत, 13 घायल
Leave a comment
Leave a comment

