नई दिल्ली: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने रविवार को जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में मेगा जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनना, विभागों के समन्वय से मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना और शासन को जन केंद्रित बनाना है।
सूद ने कहा कि दिल्ली में पहली बार स्थानीय निवासियों की रोजमर्रा की सभी समस्याओं को एक मंच पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। शिक्षा मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का अगले तीन सप्ताह में समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के द्वार पर पहुंचना चाहिए। यह सिर्फ शिकायत सुनने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समयबद्ध समाधान का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र है कि जनता से सीधा संवाद उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान। मेगा जन सुनवाई केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करने और शासन को जमीन से जोड़ने का माध्यम है।

