एनडीएमए के निर्देश पर न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने लिया फैसला
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख वाणिज्यिक इलाके कनॉट प्लेस में गुरुवार शाम 6:30 बजे तक सभी दुकानें, दफ्तर, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठान बंद रखे गए। न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल (एनडीएमसी) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के निर्देश पर यह एडवाइजरी जारी की थी। एसोसिएशन ने व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से पूर्ण सहयोग की अपील की ताकि किसी भी प्रकार की संपत्ति क्षति या जनहानि से बचा जा सके।
एनडीएमसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कनॉट प्लेस में सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद करने का निर्देश दिया। यह निर्देश टेलीफोन के माध्यम से जारी किया गया। कनॉट प्लेस के आसपास बनी गंभीर स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रतिष्ठान मालिकों और कब्जाधारियों से सहयोग करने की अपील की गई । उन्हें इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। ऐसा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए किया जा रहा है। इससे संपत्ति के नुकसान और लोगों को चोट से भी बचाया जा सकेगा।
दूसरी ओर, इस पर आप नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को आज शाम 6.30 पीएम बंद करने के आदेश हैं। जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था है। ढेर सारी एंबुलेंस हैं। क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?’ बता दें कि सीजेपी का प्रदर्शन पिछले कई दिनों से मध्य दिल्ली में जारी है। यह आंदोलन नीट यूजी 2026 परीक्षा में हुई कथित पेपर लीक के खिलाफ है। जंतर मंतर और टॉलस्टॉय मार्ग क्षेत्र में प्रदर्शन अभी भी जारी है, जिसके चलते सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
गलत सूचना से बचें: दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट डालते हुए जानकारी दी है कि नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत अधिकारों के रूटीन तिमाही रिन्यूअल को गलत तरीके से चल रहे सीजेपी विरोध-प्रदर्शनों से जोड़ा गया है। यह रिन्यूअल विरोध-प्रदर्शनों से पहले ही हो गया था और यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और गलत जानकारी शेयर करने से बचें। दिल्ली पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे सोशल मीडिया पर जानकारी का इस्तेमाल और उसे शेयर करते समय सावधानी बरतें। ज़िम्मेदार डिजिटल व्यवहार की शुरुआत किसी भी कंटेंट को आगे भेजने से पहले आधिकारिक माध्यमों से तथ्यों की पुष्टि करने से होती है।

