राकेश टिकेत ने की सीएम से मिलने की मांग
देहरादून। छात्र दिव्यांशु की हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकेत के नेतृत्व में दून कूच कर रहे लोगों को पुलिस ने आशा रोहडी में रोक दिया। जहां सभी ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। राकेश टिकेत की सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिलने की मांग है।
बीते दिनों प्रेमनगर थाना क्षेत्रान्तर्गत बिधौली में दो छात्र गुटों के आपसी टकराव के चलते छात्र दिव्यांशु की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य मौके से फरार हो गये थे। इस मामले में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रोष व्यक्त करते हुए दून कूच का ऐलान किया था।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह को राकेश टिकैत अपने समर्थकों के साथ दून कूच पर निकले। लेकिन दून पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सभी को आशा रोहड़ी में रोक लिया। जहां राकेश टिकैत अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी नौक-झौंक भी हुई।
इस दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को कडी से कडी सजा दिलाने के लिए वह हरसम्भव प्रयास करेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दिव्यांशु जाटराणा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह तरह से दिव्यांशु जाटराणा की छात्रों के गुट ने मिलकर हत्या कर दी इससे अन्य छात्रों में भी असुरक्षा के भाव पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून में बढ रहीं छात्रों के साथ अपराध की घटनाओं से वह चितिंत हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब वे हत्यारोपियो को सजा नहीं दिला देते तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

