बगदाद। इराक में ईरान समर्थित आतंकवादी समूहों के बढ़ते हमलों के बीच इराक स्थित अमरीकी दूतावास ने ‘सुरक्षा अलर्ट’ जारी कर अपने सभी नागरिकों को तत्काल इराक छोड़ने का निर्देश दिया है। दूतावास की ओर से बृहस्पतिवार को जारी इस चेतावनी में कहा गया है कि अमरीकी मिशन अभी खुला है, लेकिन मिसाइल, ड्रोन और रॉकेट हमलों के खतरे को देखते हुए नागरिकों को दूतावास या इरबिल स्थित वाणिज्य दूतावास के करीब न आने की सलाह दी गई है।
अमरीका ने इराक के लिए ‘यात्रा नहीं करने की स्तर चार’ की चेतावनी जारी रखते हुए स्पष्ट कहा है कि नागरिक किसी भी कारण से इराक न जायें और जो वहां मौजूद हैं, वे तुरंत निकल जाएं। परामर्श में कहा गया है कि इराक का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण व्यावसायिक उड़ानें संचालित नहीं हो रही हैं। नागरिकों को सड़क मार्ग से जॉर्डन, कुवैत, सऊदी अरब या तुर्की जाने की सलाह दी गयी है।
दूतावास ने बताया कि जॉर्डन में ‘वीजा ऑन अराइवल’ की सुविधा उपलब्ध है। वीजा की अवधि समाप्त हो चुके अमेरिकी नागरिकों को भी प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। सऊदी अरब में सीमा पर देरी से बचने के लिए नागरिकों को कम से कम 48 घंटे पहले ‘ई-वीजा’ आवेदन करने की सलाह दी गई है। ट्रांजिट वीजा लगभग 10.50 डॉलर में उपलब्ध है।
तुर्की में अमरीकी नागरिक 90 दिनों तक बिना वीजा के प्रवेश कर सकते हैं, बशर्ते पासपोर्ट कम से कम 60 दिनों के लिए वैध हो। हालांकि, ईरान और इराक सीमा के पास के तुर्की क्षेत्रों को भी ‘स्तर चार’ के अलर्ट के अंदर रखा गया है। दूतावास ने कहा है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के कारण कुवैत से भी व्यावसायिक उड़ानें बंद हैं। नागरिकों को वहां से सड़क मार्ग के जरिए सऊदी अरब जाने की सलाह दी गई है।
अमरीका ने अपने नागरिकों को जल्द से जल्द इराक छोड़ने को कहा
Leave a comment
Leave a comment

