- भारत जोड़ो न्याय यात्रा : संदेश साफ है, लड़ाई कठिन है, यह आग का दरिया है और हमें..
दिल्ली : कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करने जा रही है. इस यात्रा की अगुवाई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी करेंगे. यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू होने वाली है. इसे देखते हुए कांग्रेस की महिला मोर्चा की नवनियुक्त अध्यक्ष अलका लांबा ने राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उनसे इस यात्रा को सफल बनाने की अपील की.
उधर, अलका लांबा ने बुधवार को महिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. इस दौरान पीसीसी चीफ अरविंदर सिंह लवली और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एन.डिसूजा भी मौजूद थीं. इस कार्यक्रम के दौरान ही लांबा ने लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया और महिला कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, ”2024 का चुनाव हमारे सामने है. यह चुनाव हमें उन सभी बहनों के लिए जीतना है जो कि पिछले 10 वर्षों से लगातार अन्याय का सामना कर रही हैं.” भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर 2022 को शुरू हुई थी और 30 जनवरी 2023 को समाप्त हुई थी. करीब 150 दिन की यात्रा में 4,080 किलोमीटर के दायरे को कवर किया गया था.
पीटीआई के मुताबिक, अलका लांबा ने कहा, ”संदेश साफ है. लड़ाई कठिन है. यह लड़ाई आग का दरिया है और हमें पार कर निकलना है. इस आग की दरिया की शुरुआत राहुल गांधी जी ने भारत जोड़ो यात्रा के तहत दक्षिण से उत्तर तक की यात्रा में की थी. दूसरी यात्रा भारत जोड़ो न्याय यात्रा है जो कि 14 जनवरी को मणिपुर से मुंबई तक होगी जो कि 14 जनवरी को मणिपुर से मुंबई तक होगी जो कि 6700 किलोमीटर का सफर होगा. य़ह यात्रा 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी. हमारा लक्ष्य यह है कि भारत जोड़ो यात्रा की तरह ही अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा को कामयाबी दिलाएं. इससे उम्मीदें जुड़ी हुई हैं.”