किचन स्टाफ और सप्लायर से भी होगी पूछताछ
नई दिल्ली:बाराखंभा रोड स्थित पांच सितारा होटल द ललित में ठहरी 33 वर्षीय महिला वकील की फूड पॉइजनिंग से तबीयत बिगड़ने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। महिला होटल में अकेले ठहरी हुई थीं, हालांकि इस दौरान उनकी कुछ दोस्तों से भी मुलाकात हुई थी। महिला ने होटल के कमरे में 8 से 10 फूड आइटम ऑर्डर किए थे। भोजन करने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं।
तबीयत बिगड़ने पर महिला वकील को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। 25 जनवरी को महिला ने पीसीआर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी थी और बताया था कि होटल के कमरे में मंगवाए गए भोजन का सेवन करने के बाद उनकी हालत खराब हो गई।
जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए बाराखंभा थाना पुलिस ने होटल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। मंगलवार को करीब 10 कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए, जिनमें वे कर्मचारी भी शामिल हैं जिन्होंने महिला के लिए भोजन तैयार किया था और उसे कमरे तक परोसा था।
जांच के दौरान पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि होटल की किचन में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री कहां से मंगाई गई थी। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कच्चा माल किस सप्लायर से आया, उसे होटल तक कैसे और किसके द्वारा डिलीवर किया गया था। इस संबंध में होटल प्रबंधन से सप्लायर्स की पूरी सूची और डिलीवरी रिकॉर्ड मांगे गए हैं। जल्द ही सामग्री सप्लाई करने वाले लोगों और डिलीवरी स्टाफ के भी बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह खंगाला जा सके।
इसके साथ ही पुलिस ने होटल की किचन से अतिरिक्त फूड सैंपल उठाकर जांच के लिए भेजे हैं। इससे पहले क्राइम टीम ने होटल के कमरे का निरीक्षण कर कुल 16 अहम साक्ष्य जब्त किए थे, जिनमें संदिग्ध खाद्य पदार्थ और तरल पदार्थ शामिल हैं। सभी सैंपल्स को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
वहीं, नई दिल्ली जिला के डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फूड सैंपल्स और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की तबीयत बिगड़ने की असल वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

