नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष के उन आरोपों को सिरे से नकार दिया, जिसमें किराड़ी में भाजपा की दिल्ली सरकार द्वारा कूड़े का पहाड़ बनाने को लेकर आरोप लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि किराड़ी में कूड़े के पहाड़ बनाने को लेकर आप नेता लोगों में भय का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप नेता यह झूठ केवल अपने राजनीतिक द्वेष के कारण फैला रहे हैं कि रहे हैं कि भाजपा सरकार भलस्वा का कूड़ा किराड़ी में डालकर गरीब पूर्वांचलियों को कैंसर जैसी बीमारियों का तोहफा दे रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप नेता बताएं कि 11 साल आप की सरकार भी दिल्ली में रही। लेकिन तत्कालीन सीएम व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की सरकार ने किराड़ी में रहने वाले 4.5 से 5 लाख लोगों का जीवन सुधारने के लिए क्या किया।
सचदेवा ने कहा कि जलभराव के कारण 2024 में अकेले किराड़ी में पानी में डूबने अथवा बिजली करंट लगने से लगभग 15 बच्चों एवं बड़ों की जान गई थी। लेकिन 2025 में संवेदनशील भाजपा सरकार आने बाद जलभराव स्थिति में सुधार हुआ और हादसों पर भी रोकथाम हुई। उन्होंने आप के दिल्ली अध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा की है। जिसमें आप के पूर्व मंत्री ने कहा है कि दिल्ली को कूड़े के नए पहाड़ देकर भाजपा सरकार कैंसर कैपिटल बना रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप नेता का यह कहना की भाजपा सरकार भलस्वा का कूड़ा किराड़ी में डालकर गरीब पूर्वांचलियों को कैंसर जैसी बीमारियों का तोहफा दे रही है दिल्ली में राजनीतिक द्वेष से भय का वातावरण बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया व मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह लगातार भलस्वा से किराड़ी में 40 हेक्टर डी.डी.ए. जमीन के भराव के लिए इनरट- यानि कूड़े की राख को उसी तरह जमीन भराव कर ऊंचा उठाने के लिए भेज रहे हैं, जैसे हाई वे निर्माण में हो रहा है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि
आप नेता द्वारा इस इनरट से ट्यूबवेल के पानी के दूषित होने संबंधित बयान देना आम आदमी पार्टी की ओछी राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आप नेता यह समझ लें कि यदि उन्होंने झूठ एवं भ्रम की राजनीति के साथ ही मुख्यमंत्री को लेकर व्यंग्यात्मक बयानबाज़ी नहीं छोड़ी तो भी तो 2025 के विधानसभा चुनाव हारे हैं, 2027 नगर निगम चुनाव में भी आप का पत्ता साफ हो जाएगा।

