- आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे ऐलान
- 36 में 30 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, सीएम ने दाखिल किए 37 नामांकन
- अमित शाह, जेपी नड्डा सहित कई बड़े नेता रहे मौजूद
नई दिल्ली। बिहार के युवा नेता, कार्यकारी भाजपा अध्यक्ष, नितिन नबीन निर्विरोध भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर पार्टी मुख्यालय में सोमवार को भारी गहमा गहमी रही और इस बीच नितिन नबीन ने अपना नामांकन दाखिल किया और उनके प्रस्तावक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता रहे।
पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में 36 में से 30 प्रदेश अध्यक्षों के निर्वाचन संपन्न होने के उपरांत यह प्रक्रिया सोमवार दोपहर प्रारंभ हुई। नितिन नबीन के नामांकन के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यों के पार्टी अध्यक्ष, सांसद और दूसरे वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे और एक के बाद एक अपना समर्थन पत्र दिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप पुरी सहित बिहार, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, झारखंड समेत कई राज्यों के नेताओं ने भी नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए।
हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिश्वा शर्मा विदेश में होने के कारण नहीं आ सके। नवीन को पिछले महीने ही पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने के बाद 16 दिसम्बर को बिहार मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। वह बिहार विधानसभा में बांकीपुर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं के समर्थन से नितिन नबीन का भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने एक निर्वाचक मंडल द्वारा चुना जाता है। इस चुनाव प्रक्रिया की निगरानी पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी करते हैं।
भाजपा के संविधान के अनुसार, किसी राज्य के निर्वाचक मंडल के कोई भी 20 सदस्य संयुक्त रूप से ऐसे व्यक्ति का नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित कर सकते हैं, जो चार कार्यकालों तक सक्रिय सदस्य रहा हो और जिसकी सदस्यता अवधि कम से कम 15 वर्ष हो। हालांकि, ऐसा संयुक्त प्रस्ताव कम से कम पांच ऐसे राज्यों से आना चाहिए, जहां राष्ट्रीय परिषद के लिए चुनाव पूरे हो चुके हों। अभी तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और कर्नाटक के हालांकि परिषद के चुनाव पूरे नहीं हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी एवं राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन प्रक्रिया 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेश अध्यक्षों के निर्वाचन संपन्न होने के उपरांत, आज 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान नितिन नवीन के पक्ष में 37 सेट नामांकन पत्र प्राप्त हुए। नामांकन पत्रों की जांच में सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप के अनुसार, वैध मिले। नामांकन वापसी की अवधि पूर्ण के होने के बाद भाजपा के संगठन पर्व के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एक ही नाम, नितिन नवीन का प्रस्तावित हुआ है। इसी के साथ भाजपा निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की की यह परंपरा बरकरार रही और अब मंगलवार को नितिन नवीन के नाम का औपचारिक तौर पर एलान होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं को संबोधित करेंगे। बता दें कि इससे पहले दो ऐसे अवसर आए हैं जहां पार्टी लाइन से इतर नेताओं ने चुनाव लड़ने के प्रयास तो किए लेकिन चुनावी प्रक्रिया पूरी करने से पहले ही उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

