हरिद्वार। हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों के ऊपर आंसू गैस के गोले दागने, रबर बुलेट और गोलियां चलाने के विरोध में हरिद्वार किसान कांग्रेस ने जगजीतपुर स्थित में प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। साथ ही सरकार से किसानों के हित में एमएसपी कानून लागू करने की मांग की। मांग पूरी न होने पर किसान कांग्रेस ने जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी है। शनिवार को किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इरशाद अली और महानगर अध्यक्ष सोनू लाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष इरशाद अली ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की मांग को देखते हुए एमएसपी कानून जल्द लागू करें। एमएसपी कानून किसानों का हक है। पूर्व दर्जाधारी रकीत वालिया और ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा ने कहा की केंद्र की सरकार के इशारे पर हरियाणा सरकार ने शंभू बॉर्डर पर किसानों के ऊपर आंसू गैस के गोले दागे, रबर बुलेट और गोलियां चलाई है। कहा केंद्र सरकार किसानों पर अत्याचार करना बंद करें। चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की लड़ाई में किसान कांग्रेस सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। केंद्र की हिटलर शाही सरकार नहीं जागी तो जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। इस मौके पर विनोद कश्यप, दिनेश वालिया, हिमांशु बहुगुणा, हरद्वारी लाल, वसीम सलमानी, हरेंद्र सिंह, निसार अहमद, विमल सैनी, संजय पाल, जगदीप असवाल, अजय दास, असीम जोशी, देवेंद्र कुमार, मदन, विकास सैनी मोहित कुमार, सुभान अली, राजेंद्र त्रिपाठी, अमरीश कुमार, आदित्य चौधरी, प्रशांत चौधरी, मोहमद आकिल, नाजिम शाह, रिहान अंसारी, सुनील, राम गोपाल, राजकुमार आदि मौजूद रहे।