देहरादून। बहुचर्चित ज्वैलरी शोरूम लूटकांड मामले में शामिल मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को पुलिस ने बिहार के वैशाली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर दो लाख रुपए का इनाम रखा गया था। अब आरोपी से घटना की पूछताछ और न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जाएगा। अब तक लूट की घटना में शामिल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, पुलिस को आरोपियों के ठिकानों और संभावित जगहों की जानकारी मिली है।
ज्वैलरी लूटकांड में शामिल मुख्य आरोपी प्रिंस और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने खुद बिहार जाकर एडीजी एसटीएफ बिहार और एसएसपी वैशाली के साथ बैठक की थी। साथ ही उनके साथ समन्वय भी बनाया था। दून पुलिस ने 2 आरोपियों प्रिंस और विक्रम कुशवाहा पर 2-2 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। जिसके बाद पुलिस की टीमें बिहार और पश्चिम बंगाल में आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।इसी कड़ी में आज बिहार पुलिस ने देहरादून में ज्वैलरी शोरूम लूटकांड में शामिल मुख्य आरोपी प्रिंस को वैशाली से गिरफ्तार किया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि देहरादून पुलिस की टीम आरोपी प्रिंस से घटना को लेकर पूछताछ करेगी। उसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जाएगा। अभी तक ज्वैलरी लूट की घटना को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा अन्य 7 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।