- Delhi : MCD चुनाव के एक साल’ AAP-BJP के बीच जुबानी जंग तेज, साधा निशाना
- MCD चुनाव: तेज हुई नेताओं की जुबानी जंग, लग रहे आरोप पर आरोप
नई दिल्ली : एमसीडी चुनाव के एक साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर भी बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्ष भाजपा में राजनीतिक घमासान मचा रहा। एक ओर जहां प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा के पार्षद सिविक सेंटर के बाहर धरने पर बैठे तथा एमसीडी में आप की सरकार को नाकाम बताते हुए सात दिसंबर को काला दिवस के रूप में मनाया।
वहीं, पत्रकार वार्ता में आप पार्षद भाजपा के 15 वर्ष के कार्यकाल को भ्रष्टाचार से लिप्त बताते हुए हमलावर रहे और एमसीडी में आप सरकार द्वारा लिए कई निर्णयों को ऐतिहासिक बताया।
आप से जनता खुश
पार्षद प्रेम चौहान ने कहा कि जब भाजपा के लोग सो रहे होते हैं तब दिल्ली की शिक्षा मंत्री और मेयर स्कूलों का दौरा कर रहीं होती हैं। पार्टी के पार्षद सुबह उठकर सफाई करवा रहे होते हैं। निगम की आप सरकार ने बच्चों की पढ़ाई के लिए पांच नए स्कूल बनवाए हैं। इसके अलावा पांच नए स्कूल और बनवाए जा रहे हैं।अब हमारी सरकार सभी स्कूलों में सिक्योरिटी गार्ड और सीसीटीवी कैमरे लगवाने वाली है। उससे जनता काफी खुश है।
वीरेंद्र सचदेवा सिविक सेंटर के बाहर धरने पर बैठे भाजपा पार्षदों को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आराेप लगाते हुए कहा कि आप पार्षदों ने एमसीडी को लूट का माध्यम बना लिया है। अवैध निर्माण व सरकारी भूमि पर कब्जे करवाने के साथ संपत्ति कर विभाग के माध्यम से भी जनता को लूट रहे हैं। लगे हाथ उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि आप के नेताओं द्वारा यह झूठा प्रचार किया जाता है कि भाजपा ने अपने 15 सालों में कुछ नहीं किया। जबकि आर्थिक साधनों के अभाव के बावजूद भाजपा शासित एमसीडी ने कंपैक्टर लगाए, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी। इसी तरह 12,591 सफाईकर्मियों को पक्का किया। सामुदायिक भवन बनाए। सैकड़ों स्कूलों के साथ प्रतिभा विद्यालय के भवन बनवाए। जिम वाले पार्क विकसित किए।
पार्टी ने 15 साल एमसीडी के माध्यम से जनसेवा की और निगम को संविधान अनुसार चलाया पर आप ने राजनीतिक द्वेष काम करते हुए एमसीडी की संवैधानिक स्थाई व अन्य समितियों तथा क्षेत्रीय समितियों का गठन ना कर आराजकता फैला दी है। इस मौके पर सचदेवा ने सभी पार्टी पार्षदों से एमसीडी सरकार की हर गतिविधियों पर नजर रखने का भी आह्वान किया। भाजपा की प्रदेश महामंत्री कमलजीत सहरावत ने कहा कि एमसीडी में आप को आए एक साल हो गए हैं, लेकिन इस एक वर्ष में सुनियोजित साजिश के तहत अभी तक कोई कमेटी नहीं बनाई गई है। निगम में 23 कमेटी और 12 जोन कमेटी बनती है।
आप एमसीडी मेें सत्तारूढ़ आप पार्षदों ने कहा कि 15 वर्षों के कार्यकाल में भाजपा ने सिर्फ एमसीडी को जमकर लूटने का ही काम किया और इसके चलते बराबर एमसीडी को घाटे में बताते रहे। उनके पार्षदों का ध्यान इमारतों के निर्माण में अवैध कमाई पर टिकी रहीं। जबकि भाजपा द्वारा पैदा किए गए तमाम अड़चनों के बावजूद एक वर्ष से भी कम समय में आप ने वह करके दिखाया हैं जो वह 15 वर्ष के कार्यकाल में नहीं कर सकी थी। पत्रकारों से बातचीत में आप पार्षद अंकुश नारंग ने दावा किया कि 15 वर्षों के कार्यकाल में भाजपा कर्मचारियों को कभी भी महीने की पहली तिथि को वेतन नहीं दे पाई थी। साथ ही पूरे कार्यकाल में बमुश्किल 200 सफाई कर्मचारियों को ही पक्का किए। जबकि आप सरकार ने अब तक सात हजार सफाई कर्मचारियों को पक्का करने के साथ पहली तारीख को वेतन देने के वादे को पूरा किया है।
पार्षद प्रवीण कुमार ने कहा कि एमसीडी चुनाव हारने के बाद भी भाजपा वालों ने छह माह तक महापौर का चुनाव नहीं होने दिया और जनता के कार्यों को रोककर रखा। वहीं, हम जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। हमने वादा किया था कि एमसीडी में आने पर कूड़े के पहाड़ों को खत्म कर दिया जाएगा। हम लगातार इसपर काम रहे हैं। इसके साथ ही अवैध ढलावों को खत्म कर रहे हैं। एमसीडी के अस्पतालों की स्थिति काफी जर्जर थी। हमने तत्काल प्रभाव से ढ़ांचागत सुधार कर सभी जरूरी मशीनें और संसाधन उपलब्ध करवाए हैं।