देहरादून: भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने आज बड़ौदा किसान पखवाड़ा के छठे संस्करण के उद्घाटन की घोषणा की। दो सप्ताह तक चलने वाला बैंक का यह वार्षिक संपर्क कार्यक्रम भारतीय कृषि अर्थव्यवस्था पर केंद्रित है। किसानों से जुड़ाव को समर्पित यह कार्यक्रम 16 नवंबर, 2023 से शुरू होगा और 30 नवंबर, 2023 को बड़ौदा किसान दिवस समारोह के साथ सम्पन्न होगा। बड़ौदा किसान पखवाड़ा के एक हिस्से के रूप में, बैंक के चंडीगढ़ अंचल द्वारा पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना में एक विशाल किसान मेला 2023 का आयोजन किया गया। बैंक संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ौदा किसान पखवाड़े के दौरान चंडीगढ़ क्षेत्र में 10,000 से अधिक किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य बना रहा है। चंडीगढ़ क्षेत्र में पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। लुधियाना में मेगा किसान मेले का उद्घाटन बैंक ऑफ़ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी और चंडीगढ़ अंचल के महाप्रबंधक और अंचल प्रमुख विमल कुमार नेगी द्वारा किया गया।
इस मौके पर बात करते हुए, बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी ने बताया, “बैंक ऑफ़ बड़ौदा के पास कृषक ग्राहकों का एक मजबूत आधार है और हम कृषि क्षेत्र को सेवा प्रदान करने वाले अग्रणी बैंकों में से एक है। हमें लुधियाना में इस विशाल किसान मेले का आयोजन करते हुए खुशी हो रही है। चंडीगढ़ अंचल में, हमारी 300 से अधिक शाखाएँ इस वर्ष के बड़ौदा किसान पखवाड़ा में हिस्सा लेंगी। हम किसान बैठकें, चौपाल और किसान मेले जैसे कई कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं जो हमें कृषक समुदाय के साथ जुड़ाव को बढ़ाने और हमारे सम्मानित कृषक ग्राहकों की बैंकिंग और वित्तपोषण आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेंगे।

