नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केजरीवाल ने बुधवार को एक्स पर दावा किया कि सुबह तक भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) की ओर से सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी, लेकिन दोपहर में अमित शाह की ओर से कथित तौर पर सीधे फोन आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने दावा किया कि एक एसीबी अधिकारी ने बताया कि सुबह तक सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी। फिर दोपहर में अमित शाह का सीधे फोन आया और कहा गया- ‘उन्हें गिरफ्तार करो।’ इसके बाद ही गिरफ्तारी की गई।” उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी पर दबाव डालकर जैन की गिरफ्तारी करायी गई। उन्होंने अमित शाह से कथित दबाव को लेकर स्पष्टीकरण देने की मांग भी की।
उन्होंने कहा, ” गिरफ्तारी तब की जाती है जब पुलिस को उस व्यक्ति से पूछताछ और जांच करनी हो। सत्येंद्र जैन की पुलिस ने कस्टडी ही नहीं ली। इसका मतलब सत्येंद्र से कोई पूछताछ नहीं करनी। केवल अमित शाह के दबाव के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है।” उल्लेखनीय है कि सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में पांच अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
केजरीवाल का आरोप, अमित शाह के कहने पर हुई थी सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी
Leave a comment
Leave a comment

