नयी दिल्ली: देश का वस्तु निर्यात जून में सालाना आधार पर 15.5 प्रतिशत बढ़कर 40 अरब डॉलर के पार पर पहुंच गया।
वाणिज्य एवं व्यापार मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जून में 40.41 अरब डॉलर की वस्तुओं का निर्यात किया गया। यह पिछले साल जून की तुलना में 15.52 प्रतिशत अधिक है। वहीं, वस्तुओं के आयात में 30.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और यह 70.84 अरब डॉलर रहा। इस प्रकार, जून में वस्तु व्यापार घाटा 59.32 फीसदी की भारी वृद्धि के साथ 30.43 अरब डॉलर पर पहुंच गया। एक साल पहले यह 19.10 अरब डॉलर था।
मंत्रालय ने बताया कि जून में सेवाओं का अनुमानित निर्यात 33.03 अरब डॉलर और अनुमानित आयात 17.92 अरब डॉलर रहा। सेवाओं के वास्तविक आंकड़े रिजर्व बैंक द्वारा बाद में जारी किये जायेंगे।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में वस्तु आयात सालाना 15.91 प्रतिशत बढ़कर 129.32 अरब डॉलर पर और आयात 19.89 फीसदी की वृद्धि के साथ 216.18 अरब डॉलर पर पहुंच गया। जून में आयात बढ़ने की मुख्य वजह पेट्रोलियम आयात में 40 प्रतिशत से अधिक की भारी वृद्धि है। कुल आयात में इसकी हिस्सेदारी 48 प्रतिशत रही। जून में 19.36 अरब डॉलर का पेट्रोलियम आयात किया गया। यह पिछले साल जून के मुकाबले 40.09 प्रतिशत अधिक है।
दूसरे स्थान पर इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं का आयात जून में 58.77 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और यह 13.36 अरब डॉलर रहा। वहीं, मशीनरी का आयात 30.9 प्रतिशत बढ़कर 5.80 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
मूल्य के आधार पर सोने का आयात 7.07 फीसदी बढ़कर 1.97 अरब डॉलर पर रहा। वहीं चांदी के आयात में 73.62 प्रतिशत की गिरावट रही। यह 6.02 करोड़ डॉलर रह गया।
निर्यात के मामले में पांच बड़ी वृद्धि वाले क्षेत्र जवाहरात एवं आभूषण (34.64 प्रतिशत), अभियांत्रिकी वस्तु (20.74 प्रतिशत), जैव और अजैव रसायन (19.42 प्रतिशत), इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तु (18.93 प्रतिशत) और चावल (16.48 प्रतिशत) रहे।
पहली तिमाही के दौरान भारत से जिन देशों को होने वाले निर्यात में सबसे अधिक वृद्धि हुई है उनमें तंजानिया (147 प्रतिशत), श्रीलंका (125 प्रतिशत), सिंगापुर (101 प्रतिशत), दक्षिण अफ्रीका (76 प्रतिशत) और मलेशिया (74 प्रतिशत) शामिल हैं।
वहीं, नीदरलैंड को निर्यात में 18 फीसदी और संयुक्त अरब अमीरात को होने वाले निर्यात में 12 फीसदी की कमी दर्ज की गयी है। अमेरिका को निर्यात 0.06 प्रतिशत घटा है।
ओमान से होने वाले आयात में 222 प्रतिशत और ब्राजील से आयात में 175 प्रतिशत की वृद्धि रही। नाइजीरिया से आयात 115 प्रतिशत बढ़ा है। ताइवान से आयात 87 प्रतिशत और रूस से 53 प्रतिशत बढ़ा है।
वस्तु निर्यात जून में 15.5 प्रतिशत बढ़कर 40 अरब डॉलर के पार, आयात 31 फीसदी बढ़ा
Leave a comment
Leave a comment

