नई दिल्ली: लामपुर टोल प्लाजा पर हुए विवाद के बाद एक युवक की कार पर फायरिंग मामले में फरार मनोज मोरखेडिय़ा गैंग के शातिर बदमाश मोहित को स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले भी हत्या की कोशिश के दो मामले दर्ज हैं। आजकल वह टोल टैक्स वसूली का काम देखने वाले कुलदीप उर्फ ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। उसके इशारे पर ही मोहित ने युवक पर फायरिंग की थी।
पुलिस अधिकारी के अनुसार एक सूचना पर 4 फरवरी को स्पेशल सेल की साउथ वेस्टर्न रेंज की टीम ने पंजाबी कॉलोनी नरेला में छापेमारी कर मोहित को पकड़ा। वह हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज मोरखेडिय़ा गैंग का एक एक्टिव सदस्य है। वह पहले भी हत्या की कोशिश और हमले के मामलों में शामिल रहा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित ने बताया कि 28 जनवरी को लामपुर टोल प्लाजा पर कुलदीप सिंह नामक युवक का टोल टैक्स भुगतान को लेकर कुलदीप ठेकेदार से झगड़ा हुआ था। कुलदीप ठेकेदार टोल प्लाजा पर टोल टैक्स का काम देखता है।
इसके बाद 30 जनवरी को कुलदीप सिंह स्कॉर्पियो कार में नरेला की ओर जा रहा था। वहां मोहित ने अपने साथियों के साथ पीछा कर कुलदीप सिंह पर 7 से 8 राउंड फायरिंग की थी। मगर किसी तरह बचकर कुलदीप सिंह ने अपनी जान बचाई। इस संबंध में नरेला में केस दर्ज किया गया था। ग्यारहवीं क्लास तक पढ़ा-लिखा मोहित बाउंसर का काम भी कर चुका है। उसकी मनोज मोरखेडिय़ा गैंग से करीबी हो गई। वह दो बार जेल भी जा चुका है। पिछले दो साल से वह टोल टैक्स का काम काम देखने वाले कुलदीप ठेकेदार के साथ था। कुलदीप ठेकेदार पर भी हरियाणा में कई केस दर्ज हैं।
फायरिंग मामले में मनोज मोरखेडिय़ा गैंग का बदमाश मोहित गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

