गरमाई सियासत : CM नीतीश कुमार पर भड़के नित्यानंद
रेवंत रेड्डी को कांग्रेस ने तेलंगाना में मुख्यमंत्री घोषित कर रखा है। शपथ ग्रहण से पहले उनकी टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए बुधवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय व भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज ने कटु आलोचना की है।
नित्यानंद राय ने कहा कि चार राज्यों में करारी हार के बाद से कांग्रेस बंटवारे की राजनीति पर उतर गई है। रेवंत रेड्डी का बयान राहुल गांधी की राजनीति का हिस्सा है। कांग्रेस निर्लज्जता से बिहार के हमारे कुर्मी भाइयों-बहनों का अपमान कर रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार के डीएनए पर प्रश्न करने वाली को कांग्रेस को यहां की जनता अपनी शक्ति की अनुभूति कराएगी। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। उत्तर और दक्षिण का भेद पैदा कर राजनीति करने वाली कांग्रेस के डीएनए में ही बंटवारा है।
वहीं, बीजेपी नेता ऋतुराज ने कहा कि दूसरे के डीएनए में झांकने के पहले कांग्रेस खुद अपने गिरेबान में झांक कर देखे। कांग्रेस विचार करे कि अब वह बिहार की जनता से किस मुंह से वोट मांगेगी। उन्होंने कहा, “नीतीश जी बताएं कि क्या वे ऐसी पार्टी के साथ खड़े होंगे, जिनके मुख्यमंत्री बिहार और बिहारवासियों के प्रति अपमान का भाव रखते हैं।”
ऋतुराज ने कहा कि यह देश किसी जात-प्रांत, किसी कांग्रेस का नहीं, बल्कि हम सबका है। बिहार के लोग सौम्य और शांत स्वभाव के होते हैं। हालांकि, यह भी सत्य है कि अस्मिता पर प्रश्न खड़े करने वालों का वे मुंहतोड़ जवाब देना भी जानते हैं।